नए शैक्षिक सत्र से पहले प्रशासन सख्त, निजी स्कूलों को मनमानी फीस और ड्रेस-किताबों को लेकर चेतावनी
हल्द्वानी: उत्तराखंड में अप्रैल से शुरू होने वाले नए शैक्षिक सत्र से पहले नैनीताल जिला प्रशासन ने निजी स्कूलों पर सख्ती दिखानी भी शुरू कर दी है। प्रशासन ने शहर के सभी निजी स्कूलों के प्रबंधकों व प्रिंसिपलों के साथ बैठक कर मनमानी फीस वसूली व ड्रेस-किताबों को एक ही दुकान से खरीदने के दबाव जैसी शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाने की चेतावनी भी दी है।
बैठक में शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से तय की गई एसओपी के अनुसार ही आगामी सत्र से स्कूलों के संचालन के निर्देश भी दिए गए।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेई ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी निजी विद्यालय द्वारा अभिभावकों को कॉपी-किताब, यूनिफॉर्म या अन्य सामग्री किसी एक निर्धारित दुकान से खरीदने के लिए बाध्य किया जाता है या बिना अनुमति के फीस बढ़ाई जाती है, तो उसके खिलाफ तत्काल जांच कर कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कई बार शिकायतें सामने आती हैं कि निजी स्कूल अभिभावकों पर आर्थिक दबाव भी डालते हैं, जो पूरी तरह से गलत है। शिक्षा का उद्देश्य बच्चों का भविष्य संवारना है, न कि अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ ही डालना।
प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन को पारदर्शी व्यवस्था अपनाने और सभी नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें किसी प्रकार की अनियमितता या दबाव का सामना करना पड़ता है तो इसकी शिकायत प्रशासन या शिक्षा विभाग से करें, ताकि तुरंत कार्रवाई भी की जा सके।