Beautiful view of the snow-capped Himalayan peaks in Mussoorie; traffic jams caused by crowds of tourists.
मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में चटख धूप खिलने से मौसम खुशनुमा हो गया है। साफ आसमान के बीच दूर-दूर तक फैली हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियां चमकती नजर आ रही हैं। अक्तूबर-नवंबर का महीना पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता निहारने के लिए खास माना जाता है। इन दिनों गुनगुनी धूप, ठंडी हवाओं और बर्फीली पर्वत शृंखलाओं के मनमोहक नजारे पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं।
मसूरी के विभिन्न पर्यटन स्थलों से हिमालय की विशाल पर्वत शृंखलाओं का विहंगम दृश्य दिखाई दे रहा है। साफ मौसम के चलते बर्फ से ढकी चोटियां दूर से ही चमकती नजर आ रही हैं। पर्यटक दूरबीन की मदद से इन नजारों का आनंद ले रहे हैं और कैमरों में खूबसूरत दृश्यों को कैद कर रहे हैं। सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास हो रहा है, जबकि दिन में खिलने वाली गुनगुनी धूप लोगों को राहत दे रही है।
स्थानीय होटल प्रबंधक कुशाल सिंह और अरविंद सेमवाल ने बताया कि अक्तूबर और नवंबर के दौरान पहाड़ों में गुनगुनी धूप खिलने से ठंड से राहत मिलती है। मौसम साफ रहने पर हिमालय की बर्फीली चोटियां और आसपास की वादियां बेहद खूबसूरत नजर आती हैं। वहीं, उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप साहनी ने कहा कि इन दिनों प्रदेश में मौसम साफ है। ठंड के बीच गुनगुनी धूप पर्यटकों के घूमने-फिरने के लिए अनुकूल माहौल बना रही है।
दूसरी ओर, लंबे सप्ताहांत के चलते सोमवार को मसूरी में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई और प्रमुख मार्गों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। बुद्धा टेंपल मार्ग पर सुबह से शाम तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। लोगों ने आरोप लगाया कि यातायात नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिसकर्मी तैनात नहीं थे।
टिहरी बाईपास रोड, लाइब्रेरी चौक, लंढौर, मालरोड, नेहरू मार्ग, काला स्कूल चौक और अटल उद्यान मार्ग पर भी वाहन रेंगते नजर आए। जाम के कारण पर्यटकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी अधिक समय लगा। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा और व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह गहलावत ने बताया कि पुलिस बल की कमी है। उपलब्ध पुलिसकर्मियों की मदद से यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
