Bakrid is being celebrated with great enthusiasm in Dehradun, prayers are being offered at Eidgahs; strict security arrangements have been made in the city.
त्याग व बलिदान के प्रतीक ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का पर्व आज गुरुवार को पूरे उत्साह व धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। देहरादून में सुबह से विभिन्न ईदगाहों व मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। चकराता रोड स्थित ऐतिहासिक ईदगाह में मुख्य नमाज के लिए हजारों अकीदतमंद भी जुटे।
बकरीद से एक दिन पहले शहर के बाजारों में देर रात तक रौनक भी रही। पलटन बाजार, धामावाला व चकराता रोड स्थित दुकानों पर कपड़ों, सेवइयों, इत्र व अन्य सामान की जमकर खरीदारी हुई। वहीं बकरा मंडियों में भी लोगों की भारी भीड़ भी देखने को मिली।
देहरादून के शहर काजी मुफ्ती हशीम अहमद कासमी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि ईद की नमाज व कुर्बानी शरीअत, सफाई व कानून के दायरे में रहकर करें। उन्होंने कुर्बानी के बाद साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने व अवशेष खुले स्थानों पर न डालने की अपील की।
पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए देहरादून पुलिस ने शहर को 5 जोन, 11 सेक्टर व 35 सब-सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है व सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि खुले में कुर्बानी व अवशेषों के खुले परिवहन पर रोक लगाई गई है। वहीं आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की अफवाह या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।
