नंदा देवी एक्सप्रेस को जंगल में लूटने की कोशिश, 10 हथियारबंद बदमाश ट्रेन में चढ़े

कोटा से देहरादून आ रही नंदा देवी एक्सप्रेस को देवबंद के आगे जंगल क्षेत्र में लूटने का प्रयास भी किया गया। बताया जा रहा है कि करीब 10 हथियारबंद बदमाश ट्रेन के दो कोचों के बीच बफर पर भी चढ़ गए थे। घटना बुधवार तड़के करीब 3 बजे की है।

स्टेशन मास्टर की सूचना पर लोको पायलट व कोच अटेंडेंट अलर्ट हो गए। बदमाश ट्रेन रोकने की कोशिश भी कर रहे थे, लेकिन नए कोच में वैक्यूम रिलीज सिस्टम नहीं होने के कारण वे ट्रेन ही नहीं रोक सके। वहीं, सभी कोच के दरवाजे लॉक होने से वे अंदर प्रवेश ही नहीं कर पाए।

कर्मचारियों को भनक लगते ही बदमाश चलती ट्रेन से कूदकर फरार भी हो गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे सुरक्षा बल को जांच के निर्देश भी दिए गए हैं। कोच अटेंडेंट की मदद से संदिग्धों के स्केच तैयार किए गए हैं और पुलिस के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है।

मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मामले की उच्च स्तरीय जांच भी जारी है।