Allegation of barging into Teliwala School and assaulting the headmaster; complaint regarding the tearing of official documents.
देहरादून के तेलीवाला स्थित राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में घुसकर प्रधानाध्यापक के साथ मारपीट करने और सरकारी दस्तावेज फाड़ने का मामला सामने आया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक कमल प्रकाश ने डोईवाला कोतवाली में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, तेलीवाला निवासी सरफराज पर विद्यालय में घुसकर प्रधानाध्यापक के साथ मारपीट करने, उनका गला पकड़ने और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप है। प्रधानाध्यापक का कहना है कि इस दौरान सरकारी दस्तावेज फाड़े गए और सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि इससे पहले विद्यालय में घुसकर फर्नीचर तोड़ने और जूनियर हाईस्कूल व प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापकों जयपाल सिंह और उषा देवी के साथ मारपीट की घटना हो चुकी है। इस मामले में 29 जनवरी 2026 को डोईवाला कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज होने का उल्लेख किया गया है।
प्रधानाध्यापक कमल प्रकाश ने पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए सरफराज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
