Akshay Kumar's film shoot in Mussoorie cancelled; talk of back pain.
पहाड़ों की रानी मसूरी में बुधवार को अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म की शूटिंग अचानक रद्द कर दी गई। सुबह करीब 9 बजे होटल के नजदीक शूटिंग के लिए सेट तैयार कर लिया गया था और सभी तैयारियां पूरी थीं, लेकिन करीब आधे घंटे बाद सेट हटाने का काम शुरू हो गया। इसके बाद शूटिंग नहीं हो सकी। अब गुरुवार से शूटिंग शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
होटल व्यवसायी विशाल अग्रवाल ने बताया कि उनके होटल के नजदीक फिल्म की शूटिंग के लिए सेट लगाया गया था। सुबह करीब 9 बजे सेट तैयार हो गया था और शूटिंग शुरू होने वाली थी, लेकिन कुछ देर बाद अचानक सेट हटाया जाने लगा। इसके बाद शूटिंग रद्द कर दी गई।
वहीं, सूत्रों के मुताबिक अक्षय कुमार की कमर में हल्का दर्द होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि इसी वजह से बुधवार को शूटिंग रोक दी गई। हालांकि, इस संबंध में स्थानीय लाइन प्रोड्यूसर ने जानकारी देने से इनकार कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, अभिनेता का गेस्ट हाउस में इलाज चल रहा है।
मसूरी पहुंचने से पहले अक्षय कुमार एक स्थानीय ढाबे पर भी रुके थे। उनके वहां पहुंचने की खबर मिलते ही प्रशंसकों की भीड़ जुट गई। प्रशंसक अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए। इस दौरान अक्षय कुमार ने प्रशंसकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
फिल्म के लाइन प्रोड्यूसर मनोज खरोला ने बताया कि बुधवार सुबह 9 बजे से शूटिंग प्रस्तावित थी और इसके लिए सेट भी तैयार कर लिया गया था, लेकिन शूटिंग नहीं करने का निर्णय लिए जाने के बाद सेट हटा दिया गया।
फिल्म की शूटिंग मसूरी के अलावा देहरादून स्थित भारतीय वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) और ऋषिकेश में भी प्रस्तावित है। बुधवार को शूटिंग रद्द होने के बाद अब सबकी निगाहें गुरुवार को होने वाली शूटिंग पर टिकी हैं। हालांकि, शूटिंग रद्द होने की वजह को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
