बुधवार को चमोली से 4 मरीजों को हेली एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया है। जिनमें से 2 मरीजों को ट्रॉमा इमरजेंसी और 2 अन्य मरीजों को मेडिसिन इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। जहां उनकी आपात चिकित्सा के साथ ही सघन स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। एम्स ऋषिकेश प्रशासन के अनुसार भरत सिंह (48) निवासी पिलखी चमोली और सिंहद्वार, जोशीमठ निवासी दरवान सिंह (58) को एम्स ऋषिकेश की मेडिसिन इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार इमरजेंसी रेड एरिया में भर्ती दोनों मरीजों की स्थिति फिलहाल गंभीर है। इनमें भरत सिंह स्ट्रोक से ग्रसित हैं, जबकि दरवान सिंह बायीं साइड से लकवे से ग्रस्त हैं। जिन्हें इमरजेंसी चिकित्सा दी जा रही है। साथ ही उनकी सभी आवश्यक जांचें की जा रही हैं।
हेली सेवा से लाए गए अन्य 2 मरीजों में जोशीमठ निवासी मनीष पंवार (28) छाती में चोट लगी है। उन्हें सांस लेने में तकलीफ है। एक अन्य मरीज मुजफ्फरनगर निवासी राकेश (55) को जोशीमठ से यहां भर्ती कराया गया, जो सिर में गंभीर चोट से ग्रसित हैं। उक्त दोनों मरीजों का एम्स ट्रॉमा इमरजेंसी में उपचार चल रहा है। जहां उनकी सघन जांच की जा रही है।
