Young businessman loses his life as 108 ambulance lacks a driver; he could not be saved despite a two-and-a-half-hour wait.
पिथौरागढ़ के बेड़ीनाग में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल व्यवस्था के बीच एक युवा व्यापारी की मौत का मामला सामने आया है। रविवार रात तबीयत बिगड़ने पर 42 वर्षीय व्यापारी हरीश बाफिला को समय पर 108 एंबुलेंस नहीं मिल सकी। सीएचसी में एंबुलेंस उपलब्ध होने के बावजूद रात में चालक नहीं होने के कारण सेवा नहीं मिल पाई। करीब ढाई घंटे बाद गणाई गंगोली से दूसरी एंबुलेंस पहुंची, लेकिन तब तक उनकी हालत काफी बिगड़ चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक, हरीश बाफिला उर्फ हर दा की रविवार शाम करीब छह बजे अचानक तबीयत खराब हो गई। उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी। परिजन तत्काल उन्हें बेड़ीनाग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जांच में ऑक्सीजन का स्तर कम पाया गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ऑक्सीजन सुविधा वाली एंबुलेंस से हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी। शाम करीब सात बजे 108 सेवा की बुकिंग कराने पर पता चला कि सीएचसी में एंबुलेंस तो मौजूद है, लेकिन रात में चालक उपलब्ध नहीं है। इसके बाद करीब 30 किलोमीटर दूर गणाई गंगोली से एंबुलेंस भेजने की बात कही गई।
परिजन एंबुलेंस का इंतजार करते रहे और इस दौरान हरीश की हालत लगातार बिगड़ती गई। करीब ढाई घंटे बाद रात साढ़े नौ बजे एंबुलेंस पहुंची, जिसके बाद उन्हें अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना किया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से करीब 10 किलोमीटर पहले एनटीडी के पास उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत ने व्यापारी की मौत के लिए सिस्टम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
मामले में यह भी सामने आया है कि बेड़ीनाग सीएचसी की 108 एंबुलेंस पिछले करीब एक महीने से चालक की कमी के चलते रात में संचालित नहीं हो रही थी। इसके अलावा जिस एंबुलेंस से हरीश को अल्मोड़ा ले जाया गया, उसके टायर भी घिसे हुए थे और वापसी के दौरान एंबुलेंस रास्ते में खराब हो गई।
आपातकालीन सेवा 108 के पिथौरागढ़ जिला प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि बेड़ीनाग सीएचसी में तैनात एंबुलेंस पर फिलहाल केवल एक चालक है, जिसके कारण रात में संचालन में परेशानी आ रही है। वर्तमान में संचालित कंपनी का टेंडर समाप्त हो चुका है। एक दिसंबर से नई कंपनी का टेंडर होने के बाद 24 घंटे एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
हरीश बाफिला व्यापार संघ के पूर्व महासचिव भी रह चुके थे। उनके निधन से बेड़ीनाग के व्यापारियों और विभिन्न संगठनों में शोक की लहर है। सोमवार को थल स्थित रामगंगा तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन पर विधायक फकीर राम, व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत, ब्लॉक प्रमुख संगीता चन्याल, नगरपालिका अध्यक्ष हेमा पंत समेत कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के लोगों ने शोक व्यक्त किया।
