BDA prepares action against a farmhouse built without an approved plan; 3,300 square meters of land is also registered in the name of Rekha Arya.
इज्जतनगर क्षेत्र के लालपुर गांव में बिना नक्शा पास कराए आलीशान फार्म हाउस बनाए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य का नाम भी सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2024 में पप्पू के करीबी सत्येंद्र राठौर की ओर से बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) में फार्म हाउस की कंपाउंडिंग के लिए आवेदन किया गया था, लेकिन निर्धारित शुल्क जमा नहीं किया गया।
फार्म हाउस परिसर की जमीन अलग-अलग गाटा संख्या में विभिन्न लोगों के नाम पर खरीदी गई है। इसमें 3300 वर्गमीटर जमीन का बैनामा मंत्री रेखा आर्य के नाम पर है। वहीं, अन्य गाटा संख्या की जमीन कृष्णा वैष्णवी इंटरप्राइजेज के नाम दर्ज है। इस कंपनी में शेयर होने का उल्लेख रेखा आर्य के चुनावी हलफनामों में भी किया गया है।
नियमों के मुताबिक, कंपाउंडिंग के आवेदन के साथ शुल्क जमा करने के अलावा राजस्व, वन एवं पर्यावरण, पीडब्ल्यूडी, जिला पंचायत और सीलिंग विभाग की एनओसी लगाना अनिवार्य है। लेकिन आवेदन के साथ किसी भी विभाग की एनओसी नहीं लगाई गई। इसके बाद बीडीए की ओर से सितंबर में नोटिस जारी किया गया था।
बीडीए सचिव हिमांशु गुप्ता के मुताबिक, फार्म हाउस रेखा आर्य और दो अन्य कंपनियों के नाम पर है। बिना नक्शे के निर्माण की जांच के बाद वर्ष 2024 में कंपाउंडिंग के लिए आवेदन किया गया था, लेकिन अब तक जरूरी एनओसी उपलब्ध नहीं कराई गई है। पहले भी नोटिस भेजा जा चुका है। नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर कंपाउंडिंग का आवेदन निरस्त किया जाएगा और इसके बाद भवन को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
