Rs 68.39 lakh swindled from UPNAL’s bank account; funds withdrawn in 14 separate transactions using forged cheques
देहरादून में जालसाजों ने उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड (उपनल) के बैंक खाते को निशाना बनाते हुए 68 लाख 39 हजार 500 रुपये की धोखाधड़ी कर ली। आरोपियों ने फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचित चेकों के जरिए 14 बार में यह रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराई। इतना ही नहीं, इसी तरीके से 24 लाख 43 हजार 700 रुपये और निकालने की कोशिश की गई, लेकिन बैंक की सतर्कता से यह रकम बच गई।
मामले में पंजाब नेशनल बैंक की हाथीबड़कला स्थित सर्वे ऑफ इंडिया शाखा के प्रबंधक मनीष शर्मा की शिकायत पर कोतवाली देहरादून में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, उपनल का चालू खाता पीएनबी की इस शाखा में संचालित है। 18 जून 2026 को उपनल की ओर से बैंक को सूचना दी गई कि 17 जून को क्लियरिंग के माध्यम से 14 अलग-अलग चेक लगाकर खाते से 68.39 लाख रुपये निकाल लिए गए हैं। उपनल अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ये चेक उनकी ओर से जारी नहीं किए गए थे और मूल चेकबुक भी सुरक्षित है।
बैंक की जांच में सामने आया कि धोखाधड़ी की रकम केनरा बैंक में एमएस एग्रो एंटरप्राइजेज, बैंक ऑफ बड़ौदा में सुप्रियो मुखर्जी, बैंक ऑफ इंडिया में सुभजीत मंडल और एसबीआई में सौरव विश्वास के खातों में भेजी गई थी।
इसके बाद 18 जून को इसी चेक सीरीज के पांच और फर्जी चेक क्लियरिंग के लिए लगाए गए, जिनके जरिए 24.43 लाख रुपये निकालने की कोशिश हुई। हालांकि, बैंक ने भुगतान रोक दिया और सरकारी उपक्रम को होने वाला अतिरिक्त नुकसान बच गया।
धोखाधड़ी का पता चलने पर पीएनबी ने संबंधित बैंकों से रकम रोकने और संदिग्ध खातों को फ्रीज करने का अनुरोध किया। इसके बाद केनरा बैंक ने एमएस एग्रो एंटरप्राइजेज के खाते में जमा 16 लाख 54 हजार 581 रुपये होल्ड कर दिए। बाकी रकम की रिकवरी के प्रयास किए जा रहे हैं।
बैंक प्रबंधक के मुताबिक, 20 जून को ही कोतवाली में शिकायत दी गई थी, लेकिन शुरुआती स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद एसएसपी से शिकायत की गई, जिनके हस्तक्षेप के बाद अब प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच उपनिरीक्षक कमल सिंह रावत को सौंपी गई है। पुलिस बैंक खातों के केवाईसी दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
