Weather to take a turn in Uttarakhand; rain and snowfall expected in the hills, while the plains will see an increase in cold.
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदलते पैटर्न का असर प्रदेश के तापमान पर देखने को मिल रहा है। अक्टूबर के आखिरी दिनों में हुई बारिश और बर्फबारी के बाद नवंबर के पहले सप्ताह में कुछ दिनों तक तापमान में गिरावट दर्ज की गई, लेकिन पिछले कुछ दिनों से मैदान से लेकर पहाड़ तक तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। आज 10 नवंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 14 नवंबर तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। बारिश और बर्फबारी के चलते पहाड़ी इलाकों के तापमान में गिरावट आएगी, जबकि मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल सुबह और शाम के समय ही ठंड का अहसास होगा।
वहीं, सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी कुछ ऐसा ही मौसम देखने को मिला। दिनभर चटक धूप खिलने के कारण लोगों को दिन के समय ठंड से राहत मिली।
