Rs 14 lakh daylight robbery in Dehradun solved; three suspects arrested within 24 hours
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से डेढ़ लाख रुपये बरामद किए हैं। वहीं, लूट की साजिश पीड़ित के परिचित के जरिए रची गई थी, जिसे नकदी की पूरी जानकारी थी। पुलिस अब फरार चार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, हरिपुर कलां निवासी राजेश कुमार सोनी 7 नवंबर को प्लॉट का सौदा करने के सिलसिले में देहरादून आए थे। इस दौरान उन्होंने अपने परिचित दिनेश तिवारी से 14 लाख रुपये नकद लिए थे। इसके बाद वह दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर के साथ वाहन से इंद्रेश अस्पताल की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान एक्टिवा और बाइक पर सवार चार-पांच युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने राजेश और उनके साथियों के साथ मारपीट की और वाहन की पिछली सीट पर रखा नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
मामले में राजेश की तहरीर पर पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जांच के बाद पुलिस ने सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को अल्का डेयरी से मेहूंवाला जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया।
