PM Modi sends a congratulatory message to CM Dhami on Foundation Day, stating that the resolve of the people of Uttarakhand is turning the vision for the third decade into reality.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के साथ अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए राज्य की विकास यात्रा की सराहना की।
पीएम मोदी ने पत्र में लिखा कि कुछ वर्ष पहले बाबा केदार के चरणों में उन्होंने कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। आज प्रदेश के लोगों का परिश्रम और संकल्प उस विश्वास को साकार कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और बदरीनाथ धाम में करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांव देश की सुरक्षा और सामर्थ्य के प्रतीक हैं। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के माध्यम से इन गांवों में पर्यटन, स्थानीय संस्कृति और रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।
पीएम मोदी ने उत्तराखंड में पर्यटन के नए कीर्तिमानों का जिक्र करते हुए कहा कि हजारों होमस्टे के जरिए स्थानीय परिवारों की आय के नए स्रोत विकसित हुए हैं।
कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने पत्र में कहा कि उत्तराखंड की डबल इंजन सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र के समान विकास के लिए काम कर रही है। पिछले एक दशक में राज्य की कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार हुआ है। कभी दुर्गम माने जाने वाले क्षेत्र भी अब विकास और सुविधाओं से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि करीब 890 किलोमीटर लंबी चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना पर केंद्र सरकार ने 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। वहीं, 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना पर काम चल रहा है।
इसके अलावा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय कम होने की उम्मीद है। देहरादून एयरपोर्ट के विस्तार, पिथौरागढ़ एयरपोर्ट के संचालन और पंतनगर एयरपोर्ट के विकास से हवाई कनेक्टिविटी भी मजबूत हुई है।
राष्ट्रपति, गृह मंत्री समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं
उत्तराखंड स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के बीच संतुलन बनाए रखने की अपेक्षा जताई।
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड को देश का सांस्कृतिक हृदय बताते हुए प्रदेश की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देवभूमि की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश की प्रगति की कामना की। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने भी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड के विकास की उम्मीद जताई।
इसके अलावा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
