Diwali was celebrated with great fervor in Uttarakhand; CM Dhami lit lamps with his family and prayed for the state's prosperity.
उत्तराखंड में दीपावली का त्योहार धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पहाड़ से लेकर मैदान तक लोगों ने लक्ष्मी पूजन किया और घरों में दीप जलाकर प्रकाश के पर्व की खुशियां मनाईं।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दीपावली का पर्व अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री आवास में पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी गीता धामी और दोनों पुत्र मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर सीएम धामी ने कहा कि दीपावली केवल दीपों का त्योहार नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारिवारिक मूल्यों, आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व जीवन में सकारात्मकता, सेवा, सहयोग और मानवता के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि प्रकाश का यह पर्व हर परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड विकास और उन्नति के नए आयाम स्थापित करे और प्रदेश का प्रत्येक नागरिक सुरक्षित एवं समृद्ध भविष्य की ओर आगे बढ़े।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने लोगों से दीपावली का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता के साथ मनाने की अपील की।
