Minister Rekha Arya’s husband, Girdhari Lal Sahu, arrested in Jhansi; will spend Diwali in jail.
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया है। कई दिनों से फरार चल रहे साहू की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। अब गिरफ्तारी के बाद उनकी दिवाली जेल में ही मनने की संभावना है। देहरादून पुलिस आज दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले में कई अहम खुलासे कर सकती है।
दरअसल, मंत्री रेखा आर्या ने 15 अक्टूबर को अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि साहू ने शादी के समय अपनी पहली शादी की बात छिपाई थी और इसके बाद मंत्री को लगातार प्रताड़ित करता रहा। इतना ही नहीं, आरोप है कि धोखाधड़ी कर उन्हें अपनी कंपनियों से बाहर कर दिया गया और इसके लिए जाली हस्ताक्षरों का इस्तेमाल किया गया।
मामले की जांच के लिए एसपी देहात जया बलोनी की अध्यक्षता में एसआईटी गठित की गई थी। एसआईटी ने साहू के करीबियों से पूछताछ करने के साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की। जांच में सामने आया कि गिरधारी लाल साहू के खिलाफ उत्तर प्रदेश के बरेली समेत विभिन्न जिलों और उत्तराखंड में करीब 50 मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है।
साहू की तलाश में एसआईटी ने उसके कई ठिकानों पर दबिश दी थी। इस दौरान उसके नेपाल भागने की खबरें भी सामने आईं, जिसके बाद पुलिस ने नेपाल की एजेंसियों से संपर्क किया। हालांकि, अब पुलिस ने उसे झांसी से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस का इंतजार है।
