Property dealer fired upon in Ludhiana; mother and three-and-a-half-year-old son were also in the car.
लुधियाना: शहर के ढोलेवाल इलाके में बुधवार देर रात एक प्रॉपर्टी डीलर पर हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित जगजोत सिंह का आरोप है कि इनोवा और स्कॉर्पियो में सवार करीब आठ युवकों ने उन्हें घेरकर गोलियां चलाईं। हमलावरों ने उनकी कार के अंदर भी फायरिंग की। घटना के समय जगजोत की मां मंजीत कौर और उनका साढ़े तीन साल का बेटा भी कार में मौजूद थे। किसी तरह मौके से निकलने के बाद जगजोत सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
जगजोत सिंह ने थाना डिवीजन नंबर छह की पुलिस को शिकायत देकर हमले के पीछे पुरानी राजनीतिक रंजिश होने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रेस्टोरेंट के बाहर घेरकर की फायरिंग
पीड़ित के अनुसार, बुधवार देर रात वह अपनी मां और बेटे के साथ मैगी पॉइंट रेस्टोरेंट पहुंचे थे। तीनों कार में बैठकर खाना खा रहे थे। खाना खाने के बाद जब जगजोत पानी की बोतल लेने और काउंटर पर भुगतान करने के लिए कार से नीचे उतरे, तभी करीब आठ युवक वहां पहुंचे और उन पर गोलियां चलाने लगे।
जगजोत का आरोप है कि जान बचाने के लिए वह तुरंत कार में बैठ गए, लेकिन हमलावरों ने कार की खिड़कियों के पास आकर अंदर की तरफ भी फायरिंग की। इसके बाद वह किसी तरह कार लेकर वहां से निकलने में सफल रहे।
दस्तार पर दातर से वार करने का भी आरोप
जगजोत सिंह ने आरोप लगाया कि अमृतधारी होने के कारण हमलावरों ने उनकी दस्तार पर दातर से वार किए। उन्होंने सिर पर हथियार से हमला करने, बाल काटने और पिस्तौल के बट से चोट पहुंचाने का भी आरोप लगाया है। बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी मां मंजीत कौर के चेहरे पर भी चोटें आई हैं।
पुलिस ने खाली कारतूस के खोल कब्जे में लिए
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार के अंदर से .45 बोर के खाली कारतूस के खोल समेत अन्य साक्ष्य कब्जे में लिए हैं।
पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। साथ ही, हमले के कारणों और पुरानी राजनीतिक रंजिश से जुड़े पीड़ित के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
