Milk prices increased by Rs 5 per litre; new rates to come into effect from November 1.
लुधियाना: त्योहारों के बीच आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगने जा रहा है। शहर में 1 नवंबर से दूध के दाम 5 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए जाने की तैयारी है। हैबोवाल और ताजपुर स्थित डेयरी परिसरों के संचालकों की सहमति के बाद जिला डेयरी एसोसिएशन ने भी कीमतों में बढ़ोतरी की पुष्टि की है। इसके अलावा क्रीम कारोबार से जुड़े डेयरी संचालकों के लिए फैट की दरों में भी 30 पैसे की वृद्धि की गई है।
पशुओं के चारे की बढ़ती कीमतें बताई वजह
जिला डेयरी एसोसिएशन के प्रमुख कुलदीप सिंह लहोरिया और अन्य प्रतिनिधियों के मुताबिक, पशुओं के आहार की कीमतें बढ़ने से डेयरी कारोबार की लागत में इजाफा हुआ है। सूखा चारा, खल-दाना और हरे चारे के दाम बढ़ने के कारण डेयरी संचालकों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। एसोसिएशन ने कारोबारियों से नई दरों को अपनाने की अपील की है।
एसोसिएशन के प्रतिनिधियों का कहना है कि बढ़ती लागत के बीच पुराने दामों पर दूध बेचना मुश्किल हो रहा है। उनके मुताबिक, कई डेयरी संचालक आर्थिक तंगी के कारण कारोबार बंद करने की स्थिति में पहुंच गए हैं।
40 साल में पहली बार इतने बढ़े खर्च: डेयरी संचालक
डेयरी संचालक राकेश कुमार ने बताया कि पिछले कुछ समय में पशुओं की कीमतों से लेकर उनके चारे तक के खर्च में बढ़ोतरी हुई है। उनके अनुसार, हरा चारा पहले 80 से 90 रुपये प्रति 40 किलो मिलता था, जो अब बढ़कर करीब 140 रुपये हो गया है। वहीं, तूड़ी की कीमत पहले 250 से 300 रुपये प्रति मन थी, जो अब करीब 400 रुपये प्रति 40 किलो तक पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि खल-दाना और अन्य जरूरी सामान भी महंगे हो गए हैं। राकेश कुमार के मुताबिक, बढ़ती लागत के कारण कुछ डेयरियां पहले ही बंद हो चुकी हैं और मौजूदा परिस्थितियों में कारोबार चलाना लगातार मुश्किल होता जा रहा है।
दूध की कीमतों में प्रस्तावित बढ़ोतरी का असर सीधे आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर पड़ सकता है। नए रेट लागू होने के बाद एक लीटर दूध खरीदने के लिए लोगों को पहले के मुकाबले 5 रुपये अधिक खर्च करने होंगे।
