Aircraft not staying overnight at Dehradun Airport; plans for early-morning flight departures stalled
देहरादून के जौलीग्रांट स्थित दून एयरपोर्ट पर सुबह जल्दी उड़ानें शुरू करने की योजना फिलहाल आगे नहीं बढ़ पा रही है। एयरपोर्ट प्रशासन विमानों की रात्रि पार्किंग शुरू करना चाहता है, ताकि सुबह तड़के ही उड़ानों का संचालन किया जा सके। हालांकि, अभी तक किसी भी एयरलाइंस ने इसमें खास दिलचस्पी नहीं दिखाई है।
एयरपोर्ट पर विमानों की पार्किंग क्षमता बढ़ाकर 20 कर दी गई है। वहीं, प्रदेश सरकार ने विमानों की पार्किंग पर वैट 26 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत कर दिया है। इसके बावजूद रात्रि पार्किंग की शुरुआत नहीं हो सकी है।
वर्तमान में दून एयरपोर्ट पर सुबह करीब 9 बजे के बाद उड़ानों की आवाजाही शुरू होती है। अगर रात्रि पार्किंग शुरू होती है, तो यात्रियों को सुबह जल्दी फ्लाइट मिलने के साथ एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही भी बढ़ सकती है।
हाल ही में एयरपोर्ट सलाहकार समिति की बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी। एयरलाइंस के अधिकारियों को अपने मुख्यालय में इस संबंध में बातचीत करने के लिए कहा गया है।
एयरपोर्ट के कार्यवाहक निदेशक अनिल मस्ताना के मुताबिक, पार्किंग क्षमता बढ़ाई गई है और टैक्स में भी कमी की गई है। नए शेड्यूल में उड़ानों की संख्या बढ़ने पर रात्रि पार्किंग को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
