Congress's 'Nyay Yatra' (Justice March) to begin in Uttarakhand tomorrow, starting from Badrinath and the Golju Temple; 'Vidhan Sabha Gherao' (legislative assembly siegeprotest) scheduled for October 27.
उत्तराखंड में भाजपा सरकार की नीतियों और प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर कांग्रेस 22 अक्टूबर से न्याय यात्रा शुरू करने जा रही है। यह यात्रा गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडलों में निकाली जाएगी, जिसका समापन 26 अक्टूबर को गैरसैंण में होगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को कांग्रेस विधानसभा का घेराव करेगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के मुताबिक, यात्रा के दौरान बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न और बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे। गढ़वाल मंडल में यात्रा की शुरुआत चमोली जिले के बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना के साथ होगी, जबकि कुमाऊं मंडल में अल्मोड़ा के गोल्ज्यू मंदिर से यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा।
इस यात्रा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अपने-अपने क्षेत्रों में शामिल होंगे। वहीं, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में युवा रोजगार के लिए परेशान हैं और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
कांग्रेस का कहना है कि न्याय यात्रा के जरिए सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने के साथ ही जनता की समस्याओं को भी सुना जाएगा। अब इस यात्रा के जरिए कांग्रेस प्रदेश में किन मुद्दों को प्रमुखता से उठाती है, इस पर सबकी नजर रहेगी।
