Temporary employees of the temple committee stage a protest at Badrinath Dham, demanding a one-time settlement and equal pay.
बदरीनाथ धाम में मंदिर समिति के अस्थायी कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। बुधवार सुबह 10 बजे कर्मचारी बदरीनाथ मंदिर परिसर में धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में वन टाइम सेटलमेंट और समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करना शामिल है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे।
प्रभारी अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि वे पिछले 15 से 20 वर्षों से बदरीनाथ, केदारनाथ और मंदिर समिति के अधीन अन्य मंदिरों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। धार्मिक गतिविधियों और मंदिरों की व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बावजूद लंबे समय से उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से 11 अक्टूबर 2024 को केदारनाथ उपचुनाव के दौरान घोषणा संख्या 426/2024 के माध्यम से मंदिर समिति के सभी अस्थायी कर्मचारियों के लिए वन टाइम सेटलमेंट की व्यवस्था लागू करने की बात कही गई थी। कर्मचारियों ने इस घोषणा को लागू करने के साथ ही समान कार्य के लिए समान वेतन का लाभ देने की मांग की है।
