19 admissions cancelled in NEET-UG fake certificate case; over 778 certificates under scrutiny.
भाजपा प्रवक्ता विनोद चमोली ने NEET-UG काउंसलिंग में कथित अनियमितताओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए एसआईटी और जिलाधिकारियों की टीमों ने कार्रवाई की है। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी, श्रीनगर और हरिद्वार में दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन किया गया।
चमोली के मुताबिक, फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर लिए गए 19 संदिग्ध दाखिले निरस्त किए गए हैं। इनमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित, एससी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और स्थायी निवास से जुड़े प्रमाण पत्र शामिल हैं। इसके अलावा 778 से अधिक प्रमाण पत्रों की विस्तृत जांच जारी है।
उन्होंने बताया कि एसआईटी ने मामले में कथित मास्टरमाइंड रूपेश पंडित को गिरफ्तार किया है, जो मेरठ में एजुकेशनल कंसल्टेंसी चलाता था। भोपाल के कंसल्टेंट धीरज कुमार और अरविंद कुमार को भी गिरफ्तार किए जाने की बात कही गई है। पुलिस की जांच में अरविंद कुमार पर फर्जी प्रमाण पत्र के जरिए अपनी बेटी का दाखिला कराने का आरोप है।
मामले में फर्जी प्रमाण पत्र तैयार करने और जारी करने में राजस्व कर्मियों व संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में संलिप्तता सामने आने पर निलंबन के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
