First visit by Uttarakhand BJP's new in-charge and co-in-charge; election strategy to be deliberated upon.
भारतीय जनता पार्टी के उत्तराखंड प्रभारी राम माधव और सह-प्रभारी अरविंद मेनन व बांसुरी स्वराज का देहरादून दौरा प्रस्तावित है। तीनों नेता दो दिवसीय प्रवास पर देहरादून आएंगे और संगठन के नेताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक करेंगे। पार्टी ने हाल ही में राम माधव को उत्तराखंड का प्रभारी, जबकि अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी नियुक्त किया है।
बताया गया है कि पहले तीनों नेताओं का 25 सितंबर को प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में शामिल होने का कार्यक्रम था, लेकिन तय कार्यक्रमों के चलते उनका दौरा नहीं हो सका। अब उनका दो दिवसीय प्रवास प्रस्तावित है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के मुताबिक, दो अक्तूबर को गांधी जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पहले दिन प्रदेश पदाधिकारियों और सभी जिलाध्यक्षों के साथ बैठक होगी। इसमें जिलावार संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
दूसरे दिन तीनों नेता भाजपा के सातों मोर्चों की प्रदेश टीमों के साथ बैठक करेंगे। इसमें मोर्चों के स्तर पर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा होगी।
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा की नई प्रभारी टीम का यह दौरा संगठनात्मक तैयारियों और चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेगा।
