CM Dhami met with youths from Uttarakhand heading to Haryana; advised them to understand culture and development.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में हरियाणा भ्रमण पर जा रहे उत्तराखंड के युवाओं से मुलाकात की। उन्होंने युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे अंतरराज्यीय भ्रमण से अलग-अलग राज्यों की संस्कृति और विकास को करीब से समझने का अवसर मिलता है।
सीएम धामी ने युवाओं से हरियाणा की संस्कृति, इतिहास, खान-पान, खेल परंपरा, कृषि और स्थानीय जीवनशैली को जानने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा वहां के खिलाड़ियों, किसानों, स्थानीय युवाओं और विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर काम कर रहे लोगों से संवाद कर उनके अनुभवों को समझें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरे राज्यों की विकास योजनाओं, नवाचार और बेहतर कार्यप्रणालियों से सीख लेकर उनके उपयोगी अनुभव उत्तराखंड के संदर्भ में साझा किए जा सकते हैं। इससे राज्य को भी लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इसी तरह दूसरे राज्यों के युवाओं को भी उत्तराखंड आने का अवसर दिया जा रहा है, ताकि वे यहां की संस्कृति, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों और विकास कार्यों से परिचित हो सकें।
सीएम ने युवाओं से उत्तराखंड के लोकपर्व, खान-पान, होम-स्टे, मिलेट्स, हस्तशिल्प और पर्यटन स्थलों की जानकारी दूसरे राज्यों तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को बढ़ावा देने में युवाओं की भूमिका को भी अहम बताया।
