Intelligence agencies step up security preparations for the Kumbh and Assembly elections.
आगामी कुंभ मेले और विधानसभा चुनावों को देखते हुए उत्तराखंड में सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। डीजीपी दीपम सेठ की अध्यक्षता में हुई इंटेलीजेंस अधिकारियों की बैठक में राज्य की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सुरक्षा व्यवस्था को भी और मजबूत किया जाएगा। इसके अलावा धार्मिक और सरकारी आयोजनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से लगे जिलों में संदिग्ध गतिविधियों, सीमा पार से घुसपैठ और राष्ट्र विरोधी तत्वों पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने को लेकर भी चर्चा हुई। इसके लिए आईटीबीपी, एसएसबी, सेना, आईबी, राज्य पुलिस और एटीएस के अधिकारियों की उच्चस्तरीय इंटर एजेंसी को-ऑर्डिनेशन बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
राज्य में लगातार बढ़ रही पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या तथा वर्तमान में चल रही चारधाम यात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए। आगामी कुंभ मेले और अन्य प्रमुख धार्मिक आयोजनों को निर्बाध और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए ठोस सुरक्षा कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी की सुरक्षा को लेकर भी विशेष तैयारियां करने को कहा गया। चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री के दौरे बढ़ेंगे। साथ ही चुनावी सभाओं के लिए अन्य बड़े नेताओं और मंत्रियों के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। ऐसे में सभी कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए कानून व्यवस्था और सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सभी महत्वपूर्ण आयोजनों और व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए जरूरी जनशक्ति, तकनीकी उपकरण और अन्य संसाधनों की व्यवस्था समय रहते पूरी करने को कहा गया। इसके अलावा आगामी राज्य स्थापना दिवस, नवरात्र, दशहरा और दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्वों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि मौजूदा समय में सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरें बेहद संवेदनशील मुद्दा हैं। खासकर कुंभ और विधानसभा चुनाव जैसे बड़े आयोजनों के दौरान इसकी संवेदनशीलता और बढ़ जाती है। ऐसे में इंटेलीजेंस को सोशल मीडिया पर आने वाली खबरों और पोस्ट पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए। इसके बाद फैक्ट चेक की व्यवस्था लागू करने को कहा गया, ताकि लोगों को समय रहते सही जानकारी मिल सके और किसी भी स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके।
