Uproar in Bageshwar over assault on a trader; 72-hour ultimatum issued.
Uproar in Bageshwar over assault on a trader; 72-hour ultimatum issued.
बागेश्वर में बीते बृहस्पतिवार को व्यापारी गोकुल जोशी के साथ हुई मारपीट और अभद्रता का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को इस मामले को लेकर कोतवाली परिसर में व्यापारियों और कोतवाल के बीच तीखी नोकझोंक हुई। आक्रोशित व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए साफ कहा है कि अगर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो पूरे जिले में बाजार बंद कराया जाएगा।
व्यापार संघ के पदाधिकारियों और केमिस्ट एसोसिएशन का आरोप है कि बाहर से आए कुछ अज्ञात दबंगों और बाउंसरों ने केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष गोकुल जोशी के घर में घुसकर उनके परिजनों के साथ मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद जब पीड़ित अस्पताल पहुंचे तो वहां भी उनके और अन्य व्यापारियों के साथ हाथापाई की गई।
पीड़ित व्यापारी गोकुल जोशी ने बताया कि आरोपियों ने घर में घुसकर उनका मोबाइल और डीवीआर छीन लिया था। हालांकि पुलिस ने मोबाइल बरामद करवा लिया है, लेकिन डीवीआर अभी तक बरामद नहीं हुआ है।
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष बबलू नेगी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया। उनका कहना है कि सुबह दूसरी पक्ष के लोगों को पुलिस के सामने बुलाया गया था, लेकिन उनके बावजूद वे उपस्थित नहीं हुए। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली और मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बबलू नेगी ने चेतावनी दी कि अगर 72 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो व्यापार संघ उग्र आंदोलन करेगा और जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन बाजार बंद किया जाएगा।
इस दौरान नगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सूरज जोशी, उपाध्यक्ष गिरीश बिष्ट, सचिव देवेंद्र अधिकारी, नरेंद्र खेतवाल, हरीश सोनी, मनोज ओली समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।
