Second phase of Char Dham Yatra begins on September 15; number of pilgrims nears 50 lakh.
चारधाम यात्रा का पहला चरण पूरा होने जा रहा है। 15 सितंबर से यात्रा का दूसरा चरण शुरू होगा। पहले चरण में करीब 50 लाख श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस बार भी यात्रा नया रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रही है।
बीकेटीसी के मुताबिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में यात्रा व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से संचालित हो रही हैं। मानसून के दौरान भी यात्रा निर्बाध रूप से जारी रही। दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए सुगम और सुरक्षित दर्शन पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में बढ़ती भीड़ को देखते हुए बीकेटीसी ने वीआईपी संस्कृति को खत्म किया है। मंदिरों में सुबह और शाम होने वाली पूजा के समय में भीड़ के अनुसार बदलाव किया गया है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु आसानी से दर्शन कर सकें।
मंदिरों की सुरक्षा के लिए बदरीनाथ और केदारनाथ धाम समेत बीकेटीसी के अधीन आने वाले 45 मंदिरों में संवेदनशील स्थानों की निगरानी के लिए रोडमैप तैयार किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एआई आधारित आधुनिक तकनीक भी अपनाई जा रही है।
वहीं, तीर्थपुरोहितों और हकहकूकधारियों के हित में पहली बार कल्याण कोष बनाया गया है। आपात स्थिति में इस कोष के जरिए तीर्थपुरोहितों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। बीकेटीसी कर्मचारियों के लिए भी अलग कल्याण कोष बनाने पर विचार किया जा रहा है।
