Leopard enters house in Almora, attacks and injures 88-year-old woman.
अल्मोड़ा के स्याल्दे क्षेत्र के फूलाई गांव में घर के अंदर घुसे तेंदुए ने सो रही 88 वर्षीय वृद्धा पर हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए के आतंक से निजात दिलाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
ग्राम प्रधान अमन बिष्ट के अनुसार, गांव निवासी परुली देवी रात करीब तीन बजे अपने घर में सो रही थीं। इसी दौरान तेंदुआ घर में घुस आया और उन पर हमला कर दिया। तेंदुए ने उनके सिर पर वार किया और हाथों पर पंजे मारकर उन्हें घायल कर दिया।
वृद्धा की चीख-पुकार सुनकर उनकी बहू की नींद खुली। कमरे में तेंदुए को देखकर वह घबरा गईं और आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह तेंदुए को घर से बाहर भगाया।
इसके बाद घायल परुली देवी को भिकियासैंण अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रामनगर रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
जौरासी रेंज के रेंजर आशुतोष जोशी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में गश्त शुरू कर दी है। तेंदुए की गतिविधियों वाले इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है और जल्द ही पिंजरा लगाया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार गुलदार और अन्य हिंसक वन्यजीवों की सक्रियता बढ़ रही है, जिससे लोगों में भय बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से निगरानी बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
इससे पहले अल्मोड़ा के बाड़ेछीना क्षेत्र के छानी गांव में भी गुलदार ने एक ग्रामीण दीवान सिंह पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
