बदरीनाथ धाम में 45 बेड का आधुनिक अस्पताल तैयार, जल्द शुरू होंगी स्वास्थ्य सेवाएं
बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए बन रहा 45 बेड का आधुनिक अस्पताल अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत चार मंजिला अस्पताल भवन तैयार किया जा रहा है, जिसे सब जिला अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है।
अस्पताल में एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। चिकित्सा उपकरण अस्पताल में पहुंच चुके हैं और उनकी स्थापना का काम तेजी से चल रहा है। मरीजों और तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट की व्यवस्था भी की गई है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कार्यदायी संस्था को 31 अगस्त तक निर्माण कार्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, अक्टूबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बदरीनाथ धाम आने का कार्यक्रम प्रस्तावित बताया जा रहा है। हालांकि जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर अभी आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। संभावित दौरे को देखते हुए अस्पताल को जल्द शुरू करने की तैयारियां तेज हैं।
चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सांस लेने में परेशानी और ऑक्सीजन की कमी जैसी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अस्पताल शुरू होने के बाद गंभीर मरीजों को धाम में ही बेहतर और त्वरित उपचार मिलने की उम्मीद है।