Chief Electoral Officer reviews the voter list revision campaign.
देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सोमवार को सचिवालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। उन्होंने दोनों मंडलायुक्तों को अगले 15 दिनों तक आवंटित जिलों में कैंप कर अभियान की प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि दावे और आपत्तियों के चरण में प्राप्त आवेदनों की सघन जांच की जाए। सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) और निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को सुपर चैकिंग और फील्ड विजिट के माध्यम से सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।
आगामी 15 दिनों तक आयुक्त कुमाऊं नैनीताल और ऊधमसिंह नगर, जबकि आयुक्त गढ़वाल देहरादून और हरिद्वार में कैंप करेंगे। इस दौरान वे विशेष रूप से उन बूथों का फील्ड सत्यापन करेंगे, जहां मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 और नाम हटाने के लिए फार्म-7 के सबसे अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं।
इसके साथ ही जिलाधिकारी रैंडम फील्ड विजिट कर बूथों का औचक निरीक्षण और सुपर चैकिंग करेंगे। जिन बूथों पर फार्म-6 के आवेदन चार प्रतिशत से अधिक और फार्म-7 के आवेदन दो प्रतिशत से अधिक हैं, वहां ईआरओ द्वारा आवेदनों का विशेष सत्यापन किया जाएगा।
बैठक में डॉ. पुरुषोत्तम ने सभी जिलों के डीईओ को फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 के तहत प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जांच कर तय समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दावे और आपत्तियों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास समेत सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।
