हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: पानी की टंकी में जहरीली गैस से मां और दो बेटों की मौत
हल्द्वानी के गौलापार स्थित मानपुर पश्चिम गांव में एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 3 लोगों की जान चली गई।
जानकारी के मुताबिक, घर के बेसमेंट में बनी पानी की टंकी का ढक्कन खोलने के दौरान अंदर जमा जहरीली गैस की चपेट में आने से 55 वर्षीय सरस्वती देवी, उनके बेटे धर्मेंद्र बिष्ट व खुशाल बिष्ट की दम घुटने से मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि एक सदस्य को बचाने के प्रयास में अन्य 2 लोग भी टंकी के पास पहुंचे और वे भी जहरीली गैस की चपेट में ही आ गए। तीनों को सुशीला तिवारी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत ही घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन मौके पर पहुंचा। प्रारंभिक जांच में लंबे समय से बंद टंकी में जहरीली गैस जमा होने की आशंका भी जताई गई है। गैस के प्रकार की पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बंद टंकी, सेप्टिक टैंक या बेसमेंट में बिना सुरक्षा उपकरण व पर्याप्त वेंटिलेशन के प्रवेश न करें, क्योंकि ऐसे स्थानों पर जहरीली गैस व ऑक्सीजन की कमी जानलेवा साबित भी हो सकती है।