जयघोष के बीच खुले हेमकुंड साहिब के कपाट, पहले दिन पहुंचे 7000 श्रद्धालु
हेमकुंड साहिब के कपाट आज शनिवार को विधि-विधान व धार्मिक परंपराओं के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलने के अवसर पर करीब 7000 श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंचे व मत्था टेका।
इससे पहले शुक्रवार को “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयघोष के बीच पंज प्यारों की अगुवाई में श्रद्धालुओं का जत्था गोविंदघाट से निशान साहिब के साथ रवाना भी हुआ था। घांघरिया में रात्रि प्रवास के बाद जत्था आज शनिवार सुबह हेमकुंड साहिब में पहुंचा।
गुरुद्वारा प्रबंधन के अनुसार सुबह गुरुग्रंथ साहिब को सचखंड से दरबार साहिब में सुशोभित भी किया गया। इसके बाद सुखमणी पाठ, शबद कीर्तन व अरदास के साथ दोपहर 12:30 बजे कपाट खोले गए। हुक्मनामा होने के साथ ही इस वर्ष की हेमकुंड साहिब यात्रा का विधिवत शुभारंभ भी हो गया।