Terror plot foiled in Dehradun, major revelations made by suspect arrested from Jhajhra
देहरादून के झाझरा से गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी विक्रांत से पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे भी हुए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी शहर के संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाने की साजिश भी रच रहा था। पुलिस के अनुसार, वह सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी के संपर्क में भी आया था, जो पंजाबी गायक सिद्धू मूसे वाला की हत्या को लेकर भड़काऊ पोस्ट भी साझा करता था।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी को शुरुआत में देहरादून व आसपास के पुलिस थानों, चौकियों व प्रमुख स्थानों की वीडियो बनाकर भेजने के निर्देश दिए गए। उसने झाझरा पुलिस चौकी, आईएमए, आईएसबीटी व पुलिस मुख्यालय जैसे संवेदनशील स्थलों की रेकी कर फोटो-वीडियो पाकिस्तान में भेजे। इतना ही नहीं, शहर में लगे कई सीसीटीवी कैमरों की लोकेशन भी साझा की गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को इन जगहों पर बम धमाकों की साजिश के लिए उकसाया भी गया था और हथियार व पैसे उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया गया था। साथ ही उसे तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान (टीटीएच) के नाम से दहशत फैलाने के लिए सेलाकुई, अडवाणी पुल व झाझरा क्षेत्र में दीवारों पर स्प्रे पेंट से टीटीएच लिखने को भी कहा गया, जिसकी वीडियो भी पाकिस्तान भेजी गई।
समय रहते गिरफ्तारी होने से बड़ी वारदात भी टल गई। खुलासे के बाद देहरादून व आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जबकि पुलिस आरोपी के अन्य संभावित नेटवर्क व लिंक की गहन जांच में जुटी है।
