देहरादून की आपराधिक घटनाओं पर सीएम धामी सख्त, पूरे प्रदेश में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के निर्देश

देहरादून में हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस मुख्यालय में लॉ एंड ऑर्डर को लेकर हुई उच्च स्तरीय बैठक में सीएम ने प्रदेशभर में अपराधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने साफ कहा कि कानून व्यवस्था से किसी भी कीमत पर समझौता ही नहीं किया जाएगा।

बैठक में मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के आदेश भी दिए। देहरादून में पूर्व ब्रिगेडियर की हत्या के मामले में उनके निर्देश पर कुठालगेट चौकी प्रभारी अशोक कुमार व उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह को तत्काल निलंबित भी कर दिया गया है। साथ ही पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ को अपराधियों व असामाजिक तत्वों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

सीएम ने देर रात निर्धारित समय के बाद चल रहे बार और पब्स पर सख्ती, रोड रेज, फायरिंग व अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने को कहा। पूरे प्रदेश में तत्काल प्रभाव से व्यापक चेकिंग अभियान, बैरियर पर सघन तलाशी व हॉटस्पॉट इलाकों में पुलिस विजिबिलिटी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को किसी भी सूरत में बख्शा ही नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता की सुरक्षा को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पीजी, किरायेदारों व होम-स्टे का सघन सत्यापन अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।

इसके साथ ही आईजी गढ़वाल को देहरादून की कानून व्यवस्था की दैनिक मॉनिटरिंग, एसएसपी देहरादून को अधीनस्थ अधिकारियों की स्पष्ट जवाबदेही तय करने व एसटीएफ को सक्रिय अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।