गैरसैंण विधानसभा को ‘वेडिंग डेस्टिनेशन’ बनाने के बयान पर सियासत तेज
गैरसैंण: भराड़ीसैंण स्थित उत्तराखंड विधानसभा भवन को वेडिंग या पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने संबंधी पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के बयान पर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस ने इस बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए सरकार से स्पष्टीकरण भी मांगा है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि
जब विधानसभा सत्र चल रहा है, तब मंत्री को इस तरह का बयान सदन के भीतर देना चाहिए था, न कि सदन के बाहर। उन्होंने आरोप लगाया कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी के रूप में देखने का सपना रखने वाले लोगों की भावनाओं को इस बयान से ठेस भी पहुंची है।
वहीं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने भी बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि
गैरसैंण केवल एक भवन नहीं, बल्कि राज्य आंदोलन व जनता की भावनाओं का प्रतीक है। ऐसे स्थान को शादी या कॉरपोरेट कार्यक्रमों के लिए इस्तेमाल करने की बात करना राज्य की अस्मिता का भी अपमान है।
कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस पूरे मामले में स्पष्ट बयान देने की मांग भी की है।


