देहरादून में पहली बार गर्मी के कारण स्कूल बंद, डीएम ने जारी किए आदेश
उत्तराखंड राज्य गठन के बाद पहली बार देहरादून में भीषण गर्मी के चलते स्कूलों में छुट्टी भी घोषित करनी पड़ी है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने आज सोमवार को संभावित लू व तेज गर्मी को देखते हुए कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश के आदेश भी जारी किए हैं।
अब तक जिले में बारिश और सर्दी के दौरान ही स्कूल बंद करने के आदेश दिए जाते रहे हैं, लेकिन गर्मी के कारण यह पहला मौका है जब प्रशासन को ऐसा निर्णय भी लेना पड़ा।
जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिनभर तेज गर्मी व लू चलने की संभावना है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए एहतियातन यह फैसला भी लिया गया है।
इसके साथ ही स्कूलों को पहले से ही पर्याप्त ठंडे पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। वहीं प्रशासन ने शहर में लगे प्याऊ व वाटर कूलर की नियमित जांच करने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए हैं, ताकि आम लोगों को गर्मी से राहत भी मिल सके।