उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार; मैदानी इलाकों में भी बढ़ी ठंड

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदल गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम खराब होने का असर अब मैदानी इलाकों में भी साफ ही नजर आ रहा है। दिनभर बादल छाए रहने के कारण मैदानों में ठंड का अहसास भी बढ़ गया और तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज बृहस्पतिवार को भी प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 19 फरवरी को चमोली, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश व बर्फबारी हो सकती है।

खासकर प्रदेश के 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना अधिक भी जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को ऊंचाई वाले इलाकों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह भी दी है।