गुजरात दौरे पर रहेंगे सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, गांधीनगर सम्मेलन में रखेंगे ‘सहकार से समृद्धि’ का रोडमैप

प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत 17 और 18 फरवरी को गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह गांधीनगर में आयोजित राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के सहकारिता मंत्रियों के उच्च स्तरीय सम्मेलन में प्रतिभाग भी करेंगे। सम्मेलन की अध्यक्षता अमित शाह करेंगे।

बैठक में डॉ. रावत ‘सहकार से समृद्धि’ विषय पर उत्तराखंड सरकार की योजनाओं, नवाचारों व भविष्य की रणनीति प्रस्तुत करेंगे। सम्मेलन में नई बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि ऋण समितियों के गठन, डेयरी व मत्स्य सहकारिता विस्तार, सहकारी बैंकों की सुदृढ़ता, राष्ट्रीय सहकारी डाटाबेस, कंप्यूटरीकरण व मानव संसाधन विकास जैसे अहम मुद्दों पर मंथन होगा।

गुजरात प्रवास के दौरान डॉ. रावत बनासकांठा जिला स्थित सहकारिता संस्थानों का भ्रमण भी करेंगे। वह बनास डेयरी, पालनपुर का दौरा कर डेयरी संचालन, विपणन प्रणाली व दुग्ध प्रसंस्करण इकाइयों का अवलोकन करेंगे।

डॉ. रावत ने कहा कि गुजरात के सहकारिता मॉडल का अध्ययन कर उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र को और मजबूत भी किया जाएगा, जिससे किसानों, दुग्ध उत्पादकों व ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ मिल सके।