Foundation stone of Sharda Corridor laid in Tanakpur, CM Dhami inaugurated schemes worth crores
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत जिले के टनकपुर स्थित शारदा घाट पर शारदा कॉरिडोर के शिलान्यास समारोह व माघ खिचड़ी कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
टनकपुर के बूम क्षेत्र में सीएम धामी ने 954.46 लाख व 30975.89 लाख रुपये की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण भी किया। शारदा कॉरिडोर के प्रथम चरण में शारदा घाट पर करीब 107 करोड़ रुपये के विकास कार्य भी किए जाएंगे। इनमें 500 मीटर लंबा घाट, बाढ़ से सुरक्षा के लिए दीवार, प्रवेश द्वार, पैदल मार्ग, चेंजिंग रूम, यात्री विश्राम शेड, लाइटिंग, कर्म हरि पाठशाला व आध्यात्मिक जोन जैसे कई निर्माण कार्य भी शामिल हैं।
सीएम ने कहा कि शारदा घाट के आसपास लगभग 200 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को धार्मिक व पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि चंपावत की जनता से किए गए वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है और आने वाले समय में इसका लाभ क्षेत्रवासियों को भी मिलेगा।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने कई नीतिगत मुद्दों पर भी बात की व राजनीतिक तौर पर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास कार्यों को लेकर सरकार लगातार प्रयास कर रही है व भविष्य में भी कई बड़ी योजनाएं लागू की जाएंगी।
