राजभवन बना “लोक भवन”: मंत्री गणेश जोशी ने राज्यपाल को दी बधाई

देहरादून: उत्तराखंड सरकार द्वारा राजभवन का नाम बदलकर “लोक भवन” किए जाने के निर्णय पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मंत्री जोशी ने राज्यपाल को नए नामकरण पर बधाई दी और इस महत्वपूर्ण पहल के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि “राजभवन” का नाम बदलकर “लोक भवन” किया जाना जनता की भावनाओं, स्थानीय परंपराओं व भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के अनुरूप एक सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन शासन को जनता से और अधिक जोड़ने की दिशा में एक प्रतीकात्मक लेकिन अत्यंत महत्वपूर्ण निर्णय भी है।

पिछले वर्ष उठी थी मांग

गौरतलब है कि साल 2023 में उत्तरांचल महिला एसोसिएशन (उमा) की अध्यक्ष साधना शर्मा के नेतृत्व में महिलाओं का एक प्रतिनिधिमंडल मंत्री गणेश जोशी से मिला था। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित एक पत्र मंत्री जोशी के माध्यम से भेजकर ब्रिटिशकालीन शब्द “राजभवन” को बदलकर “राजपथ” की तर्ज पर भारतीय मूल्यों से जुड़े नाम की मांग भी की थी।

सरकार द्वारा “लोक भवन” नाम लागू किए जाने को इस पहल की महत्वपूर्ण परिणति भी माना जा रहा है।