Uttarkashi Helicopter service resumed in Harshil as soon as weather clears, water level rises in Kakoda Gad, administration on alert
उत्तरकाशी। बीते 2 दिनों की लगातार बारिश के बाद आज मंगलवार को मौसम खुलते ही आपदा प्रभावित हर्षिल क्षेत्र में हेली सेवा दोबारा शुरू कर दी गई। एमआई-17 हेलीकॉप्टर के माध्यम से प्रभावित गांवों के लिए राहत सामग्रियों की आपूर्ति भी की गई और जरूरतमंद लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर भी पहुंचाया गया।
ककोड़ा गाड़ में अचानक बढ़ा जलस्तर, ग्लेशियर दिखने की सूचना
रविवार को हर्षिल के बीच से बहने वाली ककोड़ा गाड़ का जलस्तर अचानक ही बढ़ गया था, जिसके बाद से प्रशासन लगातार इलाके में नदी-नालों की निगरानी भी कर रहा है। इस दौरान वन विभाग की टीम को ककोड़ा गाड़ के मुहाने पर बर्फ की एक बड़ी संरचना (ग्लेशियर जैसी आकृति) नजर आई, जिसकी सूचना तुरंत ही जिला प्रशासन को दी गई।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीआरएफ व वन विभाग की संयुक्त टीम सोमवार को मौके के निरीक्षण के लिए रवाना भी हुई। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यह बर्फीला टुकड़ा पहले से ही वहां मौजूद है और इससे अभी तक किसी प्रकार का खतरा नहीं दिखाई दे रहा है। इसके बाद प्रशासन ने भी फिलहाल राहत की सांस भी ली है।
लगातार निगरानी जारी
आपदा के बाद से हर्षिल इलाके की सभी नदियों व गाड़-गदेरे पर प्रशासन की सतत नजर बनी हुई है। अधिकारियों के अनुसार राहत व बचाव टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
