Gairsain Chief Minister went out for morning walk, took feedback of public welfare schemes from women of livelihood group
गैरसैंण (भराड़ीसैंण)। मानसून सत्र से एक दिन पहले सीएम पुष्कर सिंह धामी आज मंगलवार तड़के भराड़ीसैंण में मॉर्निंग वॉक पर निकले। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित महिला आजीविका समूहों की सदस्यों से भेंट भी की और सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभ को लेकर उनका फीडबैक भी लिया।
मुख्यमंत्री धामी सोमवार को ही भराड़ीसैंण पहुंच गए थे। आज से शुरू हो रहे विधानसभा मानसून सत्र के मद्देनजर प्रशासन ने क्षेत्र में धारा 163 भी लागू कर दी है, जो 22 अगस्त शाम 5 बजे तक प्रभावी रहेगी। यह निर्णय सत्र को शांतिपूर्ण व व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के उद्देश्य से ही लिया गया है।
धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध
उपजिलाधिकारी एवं परगना मजिस्ट्रेट सोहन सिंह रांगड़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सत्र के दौरान विधानसभा परिसर व आसपास के क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन, जुलूस, नारेबाजी, बिना अनुमति सभा, लाउडस्पीकर के उपयोग, सुरक्षा बैरियर तोड़ने, हथियार लाने, या सोशल मीडिया के माध्यम से भड़काऊ संदेश फैलाने जैसी गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध ही रहेगा।
प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सत्र के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें ताकि सदन में विकास संबंधित विषयों पर शांतिपूर्वक चर्चा भी हो सके।
