फरीदाबाद से दो साइबर ठग गिरफ्तार, महिला से 39 लाख की इंश्योरेंस धोखाधड़ी का खुलासा
देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर क्राइम पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद, हरियाणा से 2 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी सोशल मीडिया व कॉल के जरिए इंश्योरेंस में अधिक मुनाफे का लालच देकर एक महिला से करीब 39 लाख रुपये की ठगी भी कर चुके थे।
आरोपी खुद को इंश्योरेंस कंपनी और आरबीआई का अधिकारी बताकर पीड़िता को झांसे में ले लेते थे। व्हाट्सएप के जरिए फर्जी दस्तावेज और स्क्रींशॉट भेजकर निवेश पर मुनाफा भी दिखाया जाता था। पीड़िता को विभिन्न खातों में पैसे जमा कराने को कहा गया।
एसटीएफ ने आरोपियों—अंकित शर्मा और दलीप—को फरीदाबाद से गिरफ्तार कर उनके पास से 2 मोबाइल और 2 सिम कार्ड बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि जिन खातों का इस्तेमाल ठगी के लिए हुआ, उनमें अगस्त 2024 से अप्रैल 2025 के बीच लाखों का लेनदेन भी हुआ है।
एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह ने जनता से अपील की है कि
किसी भी अनजान कॉल, फर्जी निवेश या सोशल मीडिया ऑफर के झांसे में न आएं। साइबर अपराध होने की स्थिति में तुरंत 1930 नंबर या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।