मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परिवार संग किए बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के दर्शन

धार्मिक अनुष्ठान में लिया हिस्सा, मंदिर व्यवस्था की की सराहना

बदरीनाथ/केदारनाथ : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज शुक्रवार को अपने परिवार संग उत्तराखंड के प्रसिद्ध चारधामों में से दो, बदरीनाथ और केदारनाथ धाम पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना की और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना भी की।

बदरीनाथ धाम पहुंचने पर प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी ने मुख्यमंत्री का विधिवत स्वागत किया और उन्हें भगवान बदरीविशाल का अंगवस्त्र और प्रसाद भेंट स्वरूप भी प्रदान किया। इस अवसर पर मंदिर के धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल, वेदपाठी रविन्द्र भट्ट और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री सोरेन ने पूजा के बाद मंदिर की व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में आकर उन्हें अत्यंत आध्यात्मिक शांति का अनुभव भी हुआ है।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री अपने परिवार सहित केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर विधिवत पूजन किया व आशीर्वाद प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री के इस धार्मिक यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे।