Dehradun Secretary Seema Dungrakoti inspected Rafale Centre, appreciated the facilities provided for mental patients.
उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल और जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के निर्देशानुसार, 28 जनवरी, 2025 को सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून, सीमा डुँगराकोटी ने राफेल सेंटर, डालनवाला, देहरादून का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान, संस्था की अधीक्षिका लता चमोली ने संस्था के कार्यों, मानसिक रोगियों की दिनचर्या, उनके लिए प्रशिक्षण, रहने की व्यवस्था, वोकेशनल ट्रेनिंग, हॉस्टल की सुविधाओं आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
इसके अतिरिक्त, संस्था की सीईओ, प्रियो लाल से भी मुलाकात की गई, और संस्था के मेडिकल डायरेक्टर, अनूप कुमार डिमरी से मानसिक रोगियों को दी जाने वाली चिकित्सीय सुविधाओं के बारे में चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान, मानसिक रूप से अक्षम बच्चों और बुजुर्गों से भी मुलाकात की गई। इसके अलावा, हॉस्टल, फिजियोथेरेपी कक्ष, रिसोर्स रूम, क्लासेज आदि का भी निरीक्षण किया गया। सचिव ने स्किल डेवलपमेंट के तहत दिए गए प्रशिक्षण को देखा और वहां बनाए गए क्राफ्ट्स और हैंडबैग की सराहना की।
सचिव ने संस्था की अधीक्षिका को उचित दिशा-निर्देश दिए और उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। अंत में, सचिव ने संस्था को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून के साथ समन्वय स्थापित करने की सलाह दी, ताकि मानसिक रोगियों को हर संभव सहायता प्रदान की जा सके। साथ ही, संस्था को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से दी जाने वाली निशुल्क सहायता और नालसा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा, मानसिक रोगियों के लिए गठित “Legal Services Unit-Manonyay” नामक कमेटी के सदस्यों की जानकारी भी साझा की गई।
