557 swine flu cases in Uttarakhand; infection surged in September.
उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू यानी इंफ्लुएंजा एच1एन1 के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बृहस्पतिवार को 24 घंटे में 24 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। अगस्त से अब तक प्रदेश में 557 लोग स्वाइन फ्लू की चपेट में आ चुके हैं, जबकि 5 संक्रमितों की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने इनमें से 2 मौतों का कारण सिर्फ स्वाइन फ्लू बताया है।
सितंबर में संक्रमण के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। अगस्त पूरे महीने में 105 मरीज मिले थे, जबकि सितंबर के सिर्फ 17 दिनों में 452 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। विभाग के लिए संक्रमण की चेन को रोकना चुनौती बन गया है। कई रैपिड रिस्पॉन्स टीमें भी मैदान में उतारी गई हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के मुताबिक, स्वाइन फ्लू से संक्रमित ज्यादातर मरीज पहले से किसी दूसरी बीमारी से जूझ रहे थे। अस्पताल में भर्ती होने के बाद जांच में उनमें एच1एन1 संक्रमण की पुष्टि हुई। ऐसे मरीजों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और लगातार जांच की जा रही है।
इस बीच डेंगू और कोरोना के मामले भी चिंता बढ़ा रहे हैं। 24 घंटे में डेंगू के 4 और कोरोना का 1 नया मामला सामने आया है। प्रदेश में डेंगू के मरीजों की संख्या 184 और कोरोना के मरीज 50 से ज्यादा हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की रोकथाम के लिए स्क्रीनिंग बढ़ा दी है।
सितंबर में अब तक स्वाइन फ्लू के मामले इस तरह सामने आए हैं—1 सितंबर को 27, 2 सितंबर को 49, 3 सितंबर को 32, 4 सितंबर को 58, 5 सितंबर को 29, 6 सितंबर को 28, 7 सितंबर को 8, 8 सितंबर को 22, 9 सितंबर को 25, 10 सितंबर को 25, 11 सितंबर को 24, 12 सितंबर को 21, 13 सितंबर को 31, 14 सितंबर को कोई मामला नहीं, 15 सितंबर को 22, 16 सितंबर को 27 और 17 सितंबर को 24 मामले सामने आए।
स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने कहा कि स्वाइन फ्लू की रोकथाम के लिए विभाग लगातार काम कर रहा है। अस्पतालों में तैयारियां पूरी हैं, स्क्रीनिंग बढ़ाई गई है और सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।
