मुख्य सेवक सदन में 215 नवनियुक्त उपनिरीक्षकों को मिले नियुक्ति पत्र, सीएम धामी ने दिलाया कर्तव्यबोध

देहरादून। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्य सेवक सदन में 215 नवनियुक्त उपनिरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 104 उपनिरीक्षक, 88 गुल्मनायक (पीएसी) व 23 अग्निशमन द्वितीय अधिकारी शामिल हैं।

इस अवसर पर सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा व आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने में पुलिस की अहम भूमिका है। उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों से कहा कि अब उनकी असली परीक्षा शुरू हो रही है और उन्हें सुरक्षा, कानून व्यवस्था, आपदा प्रबंधन व अग्निशमन जैसे दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा व अनुशासन के साथ करना होगा।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि उत्तराखंड अंतरराष्ट्रीय व आंतरिक सीमाओं से जुड़ा राज्य है, जहां नशा, साइबर अपराध, महिला अपराध, यातायात, आपदा प्रबंधन, चारधाम व कांवड़ यात्रा जैसे क्षेत्रों में पुलिस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है, जिससे बीते 4 वर्षों में 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी भी मिली है।