देहरादून के परेड ग्राउंड में सजा धीरेंद्र शास्त्री का दरबार,लोगो की उमड़ी भीड़, मुख्यमंत्री धामी भी पहुंचेंगे

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का परेड ग्राउंड के खेल मैदान में दिव्य दरबार सज गया । धीरेंद्र शास्त्री का दरबार रात 10 बजे तक रहेगा। उनके देहरादून आने से लोगों में खासा उत्साह है। दरबार में उत्तराखंड के साथ ही अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में भक्त देहरादून परेड ग्राउंड पहुंचे है।

राजधानी देहरादून में श्री पशुपतिनाथ मंदिर भारत चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पहली बार दिव्य दरबार लगाया गया है। वही परेड ग्राउंड में कार्यक्रम को लेकर बीती देर रात तक तैयारी चलती रही। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कार्यक्रम के लिए भव्य पंडाल बनाया गया।

कार्यक्रम संयोजक निवृत्ति यादव ने बताया कि धीरेंद्र शास्त्री के दरबार में काफी बड़ी संख्या पहुंचने की उम्मीद के चलते 10 एंट्री गेट बनाए गए हैं। इसमें 1 गेट से तो वीआईपी एंट्री और अन्य गेटों से लोगों को एंट्री दी जाएगी। बताया जा रहा है की धीरेंद्र शास्त्री के दरबार में आने के लिए लोगों को किसी रजिस्ट्रेशन या पास की जरूरत नहीं है। इसके बिना ही वीआईपी एंट्री गेट के अलावा कोई भी दरबार में आ सकता है।

परेड ग्राउंड में धीरेंद्र शास्त्री के दरबार में सीएम पुष्कर सिंह धामी बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। धीरेंद्र शास्त्री के दरबार को लेकर आयोजकों की ओर से करीब 1800 वीआईपी पास जारी किए गए हैं।

बाबा बागेश्वर धाम सरकार यानी धीरेंद्र शास्त्री के दरबार लगने से पहले आयोजकों की ओर से परेड ग्राउंड के खेल मैदान में राष्ट्र भृत महायज्ञ किया गया। इसमें बरनावा उत्तरप्रदेश से पहुंचे 11 पंडितों ने यज्ञ सम्पन्न कराया। यज्ञ को प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन रावत को समर्पित किया गया।