Woman shot dead in Clementown; husband informed police and is now absconding.
देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला का शव एक प्लॉट के अंदर बने कमरे से बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, महिला के पति ने ही पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर पत्नी को गोली मारने की सूचना दी और इसके बाद से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब छह बजे धीरज पंवार नाम के व्यक्ति ने कंट्रोल रूम को फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद पुलिस ने कॉल की लोकेशन के आधार पर इलाके में तलाश शुरू की।
स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाने के बाद पुलिस एक प्लॉट के अंदर बने कमरे तक पहुंची। वहां 26 वर्षीय काजल पत्नी धीरज पंवार मृत अवस्था में मिलीं। पुलिस के अनुसार, महिला की मौत गोली लगने से हुई है। घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
काजल अपने पति के साथ ईदगाह रोड, सुभाष नगर क्षेत्र में रह रही थीं। मृतका के भाई अभिषेक का घर भी उनके घर के पास है। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि काजल और धीरज के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। इसी बीच सोमवार सुबह गोली मारकर हत्या की घटना सामने आई।
मृतका मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के मेघा शकरपुर गांव की रहने वाली थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति धीरज पंवार के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
