विकासनगर के जमनपुर में एक घर में सुबह भोजन बनाने के दौरान सिलिंडर में आग लग गई । आग बुझाने के दौरान पिता और उनकी 3 बेटियां झुलस गई । मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया । आगजनी से घर का सारा सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के बिलसंडा निवासी जाहिद खान विकासनग जमनपुर में परिवार के साथ किराए के मकान में रहते हैं। मंगलवार सुबह जाहिद, उनकी पत्नी और बड़ी बेटी के साथ फैक्टरी में काम पर जाने की तैयारी कर रहे थे। उनकी छोटी बेटी नाश्ता बनाने की शुरुआत कर रही थीं जैसे ही उन्होंने चूल्हे को जलाने के लिए लाइटर का बटन दबाया, अचानक चूल्हे से भयंकर आग की लपटें उठीं और दोनों झुलस गई। बेटियों को बचाने के प्रयास में जाहिद भी बुरी तरह से झुलस गए।
इस दौरान बड़ी बेटी, पिता और दोनों छोटी बहनों को बाथरूम में ले गई और उन पर पानी डाला। उसके बाद बचाव के लिए बाथरूम को अंदर से बंद कर लिया। घर से आग की लपटें उठती देख आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर दमकल कर्मी और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने परिवार के चार सदस्यों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला। चारों को उपचार के लिए देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया गया। आग पर काबू पाने में करीब 45 मिनट का समय लगा, तब तक घर में रखा सामान जलकर राख हो चुका था ।
