Women's Commission seeks report on rape case linked to Umesh Sharma's farmhouse.
हसनपुर क्षेत्र में उत्तराखंड के खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश शर्मा के फार्म हाउस में हरियाणा की युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले का राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने संज्ञान लिया है। उन्होंने प्रदेश के डीजीपी को पत्र भेजकर सात दिन के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट यानी एटीआर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
भाकियू संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने महिला आयोग की अध्यक्ष को पत्र भेजकर घटना की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की थी। इसी के आधार पर आयोग की अध्यक्ष ने डीजीपी को पत्र भेजा और उसकी एक प्रति नरेश चौधरी को भी भेजी गई है।
नरेश चौधरी के मुताबिक, आयोग की अध्यक्ष ने डीजीपी को मामले की समयबद्ध और विस्तृत जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान बीएनएस की प्रासंगिक धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई करने, घटना से जुड़े फोरेंसिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और आरोपियों के सहयोगी या किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच करने को कहा गया है।
आयोग ने दोषी पाए जाने वाले पुलिस और अन्य कर्मियों के खिलाफ त्वरित विभागीय कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही पीड़िता और उसके परिवार को आवश्यक चिकित्सकीय, कानूनी, मनोवैज्ञानिक और सुरक्षा सहायता उपलब्ध कराने तथा नियमानुसार आर्थिक सहायता देने को कहा गया है।
वहीं, फार्म हाउस में पुलिस और सीआरपीएफ कर्मियों को गृह विभाग की जांच टीम बताकर ठहराने के आरोपों में घिरे रजबपुर थाने के दरोगा नरेशपाल राणा को रविवार को निलंबित कर दिया गया। उनके इन लोगों से किसी तरह के संपर्क या संबंध होने की भी जांच की जाएगी।
इस मामले में पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने सीबीआई जांच की मांग करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए थे। अब उमेश कुमार ने सोशल मीडिया के जरिए इन आरोपों पर पलटवार किया है।
